यमुनानगर में टायर शोरूम पर गोलियां बरसाकर फरार हुए बदमाश, धमकी भरे पर्चे से फैली सनसनी

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में रविवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने रामपुरा कॉलोनी स्थित एक टायर शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते शोरूम के बाहर एक धमकी भरा पर्चा छोड़ गए, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर घटनास्थल से गोलियों के खोखे और धमकी वाला पर्चा बरामद किया गया। वहीं, आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पर्चे पर कथित तौर पर कुलबीर सिद्धू का नाम लिखा मिला है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस नाम का वास्तविक संबंध घटना से है या फिर किसी ने जांच को भटकाने के लिए इसका इस्तेमाल किया है।

पुलिस रंगदारी, व्यक्तिगत रंजिश और दहशत फैलाने जैसे सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वालों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि कुलबीर सिद्धू पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) पहले से ही 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है। फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *