चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने 31 जुलाई को पूरे राज्य में सरकारी अवकाश घोषित किया है। शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर यह छुट्टी रहेगी। इस दिन राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज, बोर्ड, निगम और अन्य सरकारी संस्थान बंद रहेंगे।
सरकार की ओर से जारी वर्ष 2026 के आधिकारिक अवकाश कैलेंडर में 31 जुलाई को सार्वजनिक अवकाश के रूप में शामिल किया गया है। इसके चलते सरकारी विभागों में नियमित कार्य नहीं होगा और शिक्षण संस्थानों में भी अवकाश रहेगा।
शहीद ऊधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेने के लिए ब्रिटिश अधिकारी माइकल ओ’ड्वायर की हत्या की थी। उनकी शहादत को सम्मान देने के लिए पंजाब सरकार हर वर्ष 31 जुलाई को सार्वजनिक अवकाश घोषित करती है।
राज्य सरकार ने संबंधित विभागों को अवकाश संबंधी निर्देश जारी कर दिए हैं, जिसके तहत पूरे प्रदेश में सरकारी संस्थान बंद रहेंगे।