श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिगनीवान के एस-मोड़ के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस चालक का नियंत्रण खोने के बाद सड़क से फिसलकर नीचे जा गिरी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 30 लोग घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, SDRF, स्वास्थ्य विभाग की टीमें और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए कंगन उप-जिला अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक दो श्रद्धालुओं को सिर में चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है।

प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में हादसे की वजह बस का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इधर, अमरनाथ यात्रा जारी है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। पहलगाम मार्ग पर मरम्मत कार्य के कारण यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई है, जबकि बालटाल मार्ग से श्रद्धालुओं के जत्थों को कड़ी सुरक्षा के बीच आगे भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।