पंजाब डेस्क : पंजाब में एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए 28 और 29 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 30 जुलाई को येलो अलर्ट रहेगा।
पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली। आने वाले दिनों में बारिश का असर बढ़ने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और बिजली चमकने के समय खुले मैदानों में न जाने की सलाह दी है। साथ ही किसानों को भी मौसम का अपडेट देखते हुए कृषि कार्य करने की अपील की गई है।