अमृतसर: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार और ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 5 अत्याधुनिक पिस्तौल, 2.015 किलोग्राम हेरोइन और ₹5 लाख की ड्रग मनी बरामद की है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार से अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले संगठित नेटवर्क से जुड़े हुए थे। अब जांच एजेंसियां इस गिरोह के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी हैं।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में सक्रिय सीमा पार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य ऐसे गिरोहों का पूरी तरह सफाया कर पंजाब को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाना है।