केदारनाथ में मौसम बना चुनौती, भारी बारिश के अलर्ट के बीच यात्रा पर प्रशासन की कड़ी नजर

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बदल रहे मौसम के बीच केदारनाथ यात्रा जारी है। मंगलवार सुबह कुछ समय के लिए बारिश थमने से श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए, लेकिन मौसम विभाग (IMD) के ऑरेंज अलर्ट के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है। संभावित भारी बारिश को देखते हुए यात्रा मार्ग के संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों से मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक आवाजाही से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

बारिश और ठंड के कारण केदारनाथ, बद्रीनाथ और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, चारधाम यात्रा प्रशासन की निगरानी में सामान्य रूप से संचालित हो रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 14.14 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि हाल के दिनों में भारी बारिश की चेतावनी के चलते यात्रा को कुछ समय के लिए एहतियातन रोका गया था और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया था। मौसम में सुधार के बाद यात्रा को चरणबद्ध तरीके से फिर शुरू कर दिया गया। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *