गुवाहाटी: असम में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। मूसलाधार बारिश और उफनती नदियों के कारण राज्य के कई हिस्सों में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। ताजा आपदा प्रबंधन रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ से अब तक 62 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि पिछले 24 घंटों में 14 नई मौतें दर्ज की गई हैं। इनमें चराइदेव में 7, शिवसागर में 6 और जोरहाट में 1 व्यक्ति की मौत हुई है। बाढ़ का असर अब 12 जिलों तक फैल चुका है, जहां 7,05,148 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के 856 गांव जलमग्न हैं और 37 राजस्व सर्किल बाढ़ की चपेट में हैं। लगातार जलभराव के कारण 56,606 हेक्टेयर से ज्यादा कृषि भूमि डूब गई है, जिससे धान और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर जिला है, जहां करीब 3.48 लाख लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं। इसके बाद चराइदेव में 1.88 लाख और जोरहाट में 1.26 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। इसके अलावा गोलाघाट, डिब्रूगढ़, होजाई, नगांव, बिश्वनाथ, धेमाजी, सोनितपुर, कामरूप (मेट्रो) और कार्बी आंगलोंग में भी बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य की दिखौ, दिसांग, धानसिरी (दक्षिण) और कुशियारा नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।

बाढ़ से इंसानों के साथ-साथ पशुधन को भी भारी नुकसान हुआ है। पिछले 24 घंटों में 17,107 पशु और पोल्ट्री बह गए, जबकि कुल 3.34 लाख से अधिक पशु-पक्षी अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत और बचाव कार्यों को तेज करते हुए प्रशासन ने 363 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र स्थापित किए हैं। इन शिविरों में 1,15,205 लोग शरण लिए हुए हैं, जबकि 2 लाख से अधिक लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

NDRF, SDRF, भारतीय सेना, वायुसेना और स्थानीय प्रशासन मिलकर लगातार राहत अभियान चला रहे हैं। बीते 24 घंटों में करीब 1,000 लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इस बीच, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने डेरगांव के राहत शिविर का दौरा कर हालात को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि नागालैंड और ऊपरी असम में हुई भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं, जिससे बाढ़ की स्थिति और विकराल हो गई है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि यदि बारिश जारी रही तो प्रभावित क्षेत्रों की संख्या और बढ़ सकती है तथा जनहानि में भी इजाफा होने की आशंका है।