चंडीगढ़: पंजाब सरकार की ‘मावां धियां सत्कार योजना’ के तहत लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। योजना में अब तक 70 लाख से अधिक महिलाओं ने अपना पंजीकरण करा लिया है। सरकार ने शुरुआत में करीब 52 लाख महिलाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब यह संख्या उससे काफी अधिक हो चुकी है। राज्य में पात्र महिलाओं के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अभी भी जारी है।
आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई महीने में 37 लाख से ज्यादा महिलाओं ने योजना के लिए आवेदन किया, जबकि जून में करीब 33 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया था। पंजाब के 117 विधानसभा क्षेत्रों में से 66 क्षेत्रों में लाभार्थियों की संख्या 50 हजार से अधिक पहुंच चुकी है।
सबसे ज्यादा आवेदन जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से आए हैं, जहां 87,460 महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद सनौर में 84,111 और मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी में 63,036 महिलाओं ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। दूसरी ओर, लुधियाना पश्चिम में सबसे कम 30,073 महिलाओं ने पंजीकरण कराया।

योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार पहली किस्त के रूप में 32.96 लाख महिलाओं के बैंक खातों में जुलाई, अगस्त और सितंबर की सहायता राशि भेज चुकी है। इसके लिए अब तक 1,149.59 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जुलाई में आवेदन करने वाली महिलाओं को 1 अगस्त से तीन महीने की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य की कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसलिए पंजीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा।