मोगा डेस्क: पंजाब के मोगा में सदर पुलिस स्टेशन पर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में हमले का मुख्य आरोपी और चार महिलाएं भी शामिल हैं।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हमले की साजिश, इसके पीछे जुड़े लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
जांच में पुलिस गैंगस्टर और अन्य आपराधिक गिरोहों से संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस हमले की योजना विदेश में बैठे किसी अपराधी के इशारे पर तैयार की गई हो सकती है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए ज्यादातर आरोपी फिरोजपुर जिले से संबंधित हैं। वहीं, मामले की जांच के दौरान जम्मू-कश्मीर से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
गौरतलब है कि 8 जुलाई की देर रात करीब 3:15 बजे मोगा-फिरोजपुर रोड स्थित सदर पुलिस स्टेशन परिसर में बाइक सवार दो युवकों ने हैंड ग्रेनेड फेंका था। हालांकि धमाका कम तीव्रता का था, जिससे किसी की जान नहीं गई, लेकिन पुलिस स्टेशन और आसपास के इलाके में भय का माहौल बन गया था।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और अन्य सबूतों के आधार पर कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमले के पीछे की पूरी साजिश, फंडिंग, नेटवर्क और अन्य जुड़े आरोपियों के बारे में जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।