सीमा पार से रची जा रही थी साजिश, अमृतसर पुलिस ने हथियारों के साथ आरोपी को पकड़ा

अमृतसर: पंजाब पुलिस को सीमा पार से संचालित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक संदिग्ध आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, 9 एमएम की ग्लॉक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी इंस्टाग्राम के माध्यम से सीमा पार बैठे आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में था। उसे पुलिस प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाकर प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के निर्देश दिए जा रहे थे।

इस मामले में अमृतसर के कैंट थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने, अन्य आरोपियों और विदेशी हैंडलरों की पहचान करने के लिए गहन जांच कर रही है।

पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सीमा पार से संचालित आतंकी मॉड्यूल और उनके नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *