स्पोर्ट्स डेस्क: हॉकी इंडिया ने जापान के ऐची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खेला जाएगा। 20 सदस्यीय भारतीय टीम की कमान एक बार फिर सलीमा टेटे को सौंपी गई है, जबकि अनुभवी गोलकीपर सविता और बिचू देवी खारीबाम भी टीम का हिस्सा हैं।
एफआईएच नेशंस कप में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली सलीमा टेटे पर इस बार भी टीम को सफलता दिलाने की जिम्मेदारी होगी। वहीं, अनुभवी खिलाड़ी सविता का अनुभव टीम के लिए बड़े मुकाबलों में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने टीम चयन पर भरोसा जताते हुए कहा कि इस बार टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी पिछले कुछ महीनों से शानदार लय और फिटनेस में हैं तथा एशियन गेम्स की चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
टीम के डिफेंस में सुशीला चानू, इशिका चौधरी, ज्योति, लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास को शामिल किया गया है। मिडफील्ड की जिम्मेदारी कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग निभाएंगी। वहीं, फॉरवर्ड लाइन में लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग विपक्षी टीमों के खिलाफ भारत के आक्रमण की अगुवाई करेंगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम का लक्ष्य इस बार एशियन गेम्स में दमदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतना और पिछले प्रदर्शन से बेहतर परिणाम हासिल करना रहेगा।