चंडीगढ़: कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे रूट पर सफर करने की योजना बना रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। नॉर्दर्न रेलवे ने संकेत दिए हैं कि यदि मौसम सामान्य रहा और रेलवे ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित पाया गया, तो 6 अगस्त से टॉय ट्रेन सेवाओं का संचालन फिर से शुरू किया जा सकता है। इसके मद्देनजर रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है।
लगातार हो रही बारिश के कारण शिमला और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और ट्रैक पर पत्थर गिरने का खतरा बढ़ गया था। इसी को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर 1 अगस्त से 5 अगस्त तक कुछ प्रमुख टॉय ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया था।
रेलवे की इंजीनियरिंग टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। ट्रैक से मलबा हटाने के साथ उसकी तकनीकी जांच भी की जा रही है ताकि संचालन शुरू होने के बाद किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। अधिकारियों का कहना है कि मौसम और ट्रैक की अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद ही ट्रेनों को हरी झंडी दी जाएगी।
फिलहाल शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस और कालका-शिमला एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित है, जबकि अन्य कुछ सेवाएं मौसम के अनुसार चलाई जा रही हैं। रेलवे के अनुसार 6 अगस्त की यात्रा के लिए टिकटों की बुकिंग जारी है और कई सीटें अभी भी उपलब्ध हैं।
अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशंजीत सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की पहली प्राथमिकता है। ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही सभी ट्रेन सेवाओं को सामान्य रूप से बहाल किया जाएगा।