पंजाब पुलिस ने एक सुनियोजित अभियान के तहत अमृतसर में सक्रिय दो आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में 4 नाबालिगों समेत कुल 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 4 पेट्रोल बम और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सीमा पार बैठे ISI से जुड़े हैंडलरों के संपर्क में थे। उन्हें पंजाब में अशांति फैलाने, महत्वपूर्ण सुरक्षा ठिकानों की जानकारी जुटाने, स्थानीय युवाओं को अपने साथ जोड़ने और हथियारों की व्यवस्था करने जैसे निर्देश दिए जा रहे थे।
तफ्तीश के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के पास निगरानी के लिए कैमरे लगाए थे और वहां की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग विदेश में बैठे अपने आकाओं तक पहुंचाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में तो नहीं किया जा रहा था।
इस मामले में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिवीजन थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। जांच एजेंसियां नेटवर्क के अन्य सदस्यों, उनकी फंडिंग, विदेशी संपर्कों और संभावित आतंकी गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही हैं। पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में आतंक फैलाने की किसी भी कोशिश को सख्ती से कुचला जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।