लुधियाना: शहर के शिंगार सिनेमा रोड स्थित एक सरकारी बैंक में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग के साथ सुनियोजित ठगी का मामला सामने आया है। बैंक में सहायता के नाम पर आरोपी ने पहले बुजुर्ग का भरोसा जीता और फिर उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से दो लाख रुपये से अधिक की नकदी निकाल ली। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राम लाल, निवासी धर्मपुरा, ने बताया कि उन्होंने अप्रैल में नया बैंक खाता खुलवाकर मकान बेचने से मिले करीब 20 लाख रुपये उसमें जमा करवाए थे। इसके बाद वह कुछ समय के लिए अपने पैतृक गांव करनाल चले गए। 28 जुलाई को जब वह बैंक पहुंचे और खाते का बैलेंस चेक करवाया तो खाते से दो लाख रुपये से अधिक की रकम गायब मिली।
बैंक द्वारा उपलब्ध कराए गए ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड में सामने आया कि रकम शहर के विभिन्न इलाकों के एटीएम से निकाली गई थी। जब बैंक अधिकारियों ने बुजुर्ग के पास मौजूद एटीएम कार्ड की जांच की तो खुलासा हुआ कि वह उनके खाते का कार्ड नहीं, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति का ब्लॉक किया गया कार्ड था।
पीड़ित का आरोप है कि बैंक परिसर में मौजूद एक युवक ने खाता खुलवाने के दौरान एटीएम किट खोलकर उनका कार्ड बदल दिया था। इतना ही नहीं, उसने कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को न दिखाने की सलाह भी दी, जिससे काफी समय तक इस धोखाधड़ी का पता नहीं चल सका।
मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद थाना डिवीजन नंबर-3 ने जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।