पंजाब के शिक्षकों के लिए बड़ा अपडेट, टीचर अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेशन शुरू; 3 अगस्त है आखिरी तारीख

पंजाब के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों, स्कूल प्रमुखों और शिक्षा अधिकारियों के लिए अच्छी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग (सेकेंडरी) ने वर्ष 2026 के स्टेट टीचर अवॉर्ड, यंग टीचर अवॉर्ड, एडमिनिस्ट्रेटिव अवॉर्ड और स्पेशल टीचर अवॉर्ड के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने सभी पात्र उम्मीदवारों के नाम 3 अगस्त तक ऑनलाइन भेजने के निर्देश जारी किए हैं।

विभाग के अनुसार, इस बार भी कोई शिक्षक या अधिकारी स्वयं अपने नाम से आवेदन नहीं कर सकेगा। किसी भी योग्य उम्मीदवार का नामांकन केवल दूसरा शिक्षक, स्कूल प्रमुख, इंचार्ज या शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ही कर सकेंगे। नामांकन के साथ 250 शब्दों का हस्तलिखित नोट भी अपलोड करना अनिवार्य होगा, जिसमें संबंधित शिक्षक के कार्य और उपलब्धियों का उल्लेख करना होगा।

कौन-कौन हैं पात्र?

स्टेट टीचर अवॉर्ड के लिए कम से कम 10 वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर चुके शिक्षक, स्कूल प्रमुख और प्रबंधक आवेदन के लिए पात्र होंगे। वहीं 3 से 10 वर्ष की सेवा और प्रोबेशन पूरा कर चुके शिक्षक यंग टीचर अवॉर्ड के लिए नामांकित किए जा सकेंगे। शिक्षा विभाग के विभिन्न प्रशासनिक पदों पर कार्यरत अधिकारी एडमिनिस्ट्रेटिव अवॉर्ड के लिए पात्र होंगे, जबकि 7 अक्टूबर 2022 की नीति के तहत शामिल शिक्षकों के लिए स्पेशल टीचर अवॉर्ड रखा गया है।

शिक्षा विभाग का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों और अधिकारियों को सम्मानित करना और बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *