अमृतसर: पंजाब बंद के दौरान अमृतसर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सफाई कर्मचारी संगठनों के प्रदर्शन के बीच भंडारी पुल पर यातायात रोकने के लिए बांधी गई रस्सी से टकराने के कारण पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल रणबीर सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब पुलिस की एआरपी (ARP) यूनिट में तैनात थे और मूल रूप से बटाला जिले के रहने वाले थे। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह एक्टिवा पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि वाल्मीकि समाज के प्रदर्शन के चलते भंडारी पुल पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए सड़क के बीच रस्सी बांधी गई थी। इसी दौरान रणबीर सिंह वहां से गुजर रहे थे। उन्हें सड़क पर बंधी रस्सी दिखाई नहीं दी और रस्सी सीधे उनकी गर्दन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ देर पहले उनके घर से फोन आया था कि उनके बेटे को चोट लग गई है। इसी कारण वह जल्द से जल्द घर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और यातायात रोकने के लिए अपनाए गए इंतजामों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
गौरतलब है कि बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी यूनियनों ने 30 जुलाई को ‘पंजाब बंद’ का आह्वान किया था। बंद के दौरान राज्य के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए और कई स्थानों पर यातायात रोकने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए गए। इसी दौरान अमृतसर में यह दुखद हादसा हो गया।