बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब बंद, 9 जिलों में जनजीवन प्रभावित; जालंधर रहेगा सामान्य

चंडीगढ़: बरनाला में सफाई सेवकों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में आज पंजाब के कई जिलों में बंद का असर देखने को मिल रहा है। सफाई कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर कई स्थानों पर बाजार, स्कूल, कॉलेज और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं। वहीं इस बंद को कई सामाजिक, धार्मिक और कर्मचारी संगठनों का भी समर्थन मिला है।

सफाई कर्मचारी संगठनों का कहना है कि बरनाला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और महिलाओं सहित प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। इसी घटना के विरोध में पूरे पंजाब में बंद का ऐलान किया गया है।

हालांकि राज्य सरकार ने हाल ही में कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और पांच साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को नियमित करने की नीति की घोषणा की थी, लेकिन यूनियनों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगें अब भी अधूरी हैं। कर्मचारी संगठन 40,000 रुपये मासिक वेतन और अन्य लंबित मांगों को लागू करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

इन जिलों में दिखा बंद का असर

अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का, कपूरथला, पटियाला, पठानकोट और गुरदासपुर में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। कई स्थानों पर बाजार बंद रहे और शैक्षणिक संस्थानों में भी गतिविधियां प्रभावित हुईं।

जालंधर में नहीं रहेगा बंद

जालंधर में बंद का असर नहीं रहेगा। स्थानीय सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने स्पष्ट किया है कि शहर के बाजार सामान्य रूप से खुलेंगे। हालांकि कुछ संगठनों की ओर से सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किए जा सकते हैं।

जरूरी सेवाएं रहेंगी चालू

बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस, मेडिकल स्टोर और अन्य आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी। बंद का समर्थन कर रहे संगठनों ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और आवश्यक सेवाओं में किसी तरह की बाधा न डालने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *