जालंधर: पीएपी-अमृतसर हाईवे पर स्थित जेसी रिसोर्ट के पास गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर पर खड़ी एक खराब बस को बचाने की कोशिश में एक टिप्पर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। हादसे के दौरान राहगीर बाल-बाल बच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टिप्पर को हटाया गया और ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
घायल टिप्पर चालक दिलजिंदर सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर पर ननकाना साहिब नाम की एक बस खराब हालत में खड़ी थी। उनके अनुसार बस चालक ने पीछे कोई चेतावनी बोर्ड या संकेतक नहीं लगाया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर की बस से टक्कर हो गई। कंटेनर से बचने के प्रयास में टिप्पर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और टिप्पर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। हादसे में टिप्पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक की बाजू फ्रैक्चर हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर पर खराब बस खड़ी होने के कारण यह हादसा हुआ। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बाद में खराब बस और टिप्पर दोनों को क्रेन की सहायता से हटाकर हाईवे पर यातायात को फिर से सुचारु कर दिया गया।