जालंधर: शहर के कपूरथला रोड पर शनिवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे मजदूरों पर चढ़ गई। हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे बने गटर और पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग भी खुल गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार काफी तेज गति से आ रही थी। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे फुटपाथ की ओर मुड़ गई। वहां बैठे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।

दूसरी ओर, कार चालक ने दावा किया कि हादसा लापरवाही नहीं बल्कि तकनीकी कारणों से हुआ। उसके अनुसार सड़क पर टूटे हुए गटर और बाहर निकले लोहे के सरिए से टकराने के कारण कार का टायर फट गया, जिसके बाद वाहन बेकाबू हो गया और मजदूरों से जा टकराया।
सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई जगतार सिंह ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।