जालंधर: शहर के शेखे रोड स्थित थ्री स्टार कॉलोनी में मौजूद आदर्श एंटरप्राइज केमिकल फैक्ट्री में शनिवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील केमिकल ने आग को तेजी से फैलाया, जिसके चलते कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। आग के दौरान फैक्ट्री के अंदर लगातार तीन तेज धमाके हुए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
धमाकों की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल विभाग की टीमें बिना देरी किए मौके पर पहुंचीं और काफी देर तक चले रेस्क्यू व राहत अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के मुताबिक समय रहते आग बुझा लेने से यह आसपास की अन्य फैक्ट्रियों और रिहायशी इलाकों तक नहीं पहुंची।

फायर ब्रिगेड अधिकारी रजिंदर कुमार सोहता ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया था। इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री के अंदर रखा केमिकल, कच्चा माल और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रहे हैं। नुकसान का अंतिम आकलन जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।