पंजाब में ड्रग्स तस्करों पर बड़ा प्रहार, अमृतसर से 20 किलो हेरोइन जब्त; विदेशी हैंडलर से जुड़े तार

अमृतसर: पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने सीमा पार से चलाए जा रहे नशा तस्करी रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 20 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। शुरुआती जांच में आरोपी के तार विदेश में बैठे एक हैंडलर से जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सीमा क्षेत्र में पहुंचने वाली हेरोइन की खेप को रिसीव कर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में तस्करों तक पहुंचाने का काम करता था। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए छापेमारी और जांच तेज कर दी गई है।

इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब आरोपी के अन्य साथियों, सप्लाई चेन और विदेशी हैंडलर से जुड़े नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का संबंध पहले पकड़े गए अंतरराष्ट्रीय ड्रग मॉड्यूल से है या नहीं।

पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े हर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *