जींद से शुरू हुई भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, हरित परिवहन की दिशा में बड़ा कदम

जींद (हरियाणा): भारत ने रेलवे के क्षेत्र में एक और नई उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन की शुरुआत कर दी है। हरियाणा के जींद से शुरू हुई इस ट्रेन के साथ भारत अब उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जहां हाइड्रोजन तकनीक पर आधारित रेल सेवा उपलब्ध है।

उद्घाटन के पहले दिन ट्रेन में 270 यात्रियों ने सफर किया, जिनमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र भी शामिल रहे। ट्रेन के रवाना होने के दौरान रेलवे स्टेशन पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ट्रेन के संचालन की जिम्मेदारी प्रशिक्षित लोको पायलट राजेश कुमार और सहायक लोको पायलट गगनदीप सिंह ने संभाली।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना भारतीय रेलवे को स्वच्छ और आधुनिक परिवहन प्रणाली की ओर ले जाने वाला अहम कदम है। उन्होंने बताया कि जींद में स्थापित हाइड्रोजन उत्पादन संयंत्र में पानी से इलेक्ट्रोलिसिस तकनीक के जरिए हाइड्रोजन तैयार की जाती है। इस प्रक्रिया से किसी प्रकार का धुआं या हानिकारक गैस नहीं निकलती, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार नई तकनीकों को अपनाते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में काम कर रही है। वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के बाद अब हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन इसी कड़ी का हिस्सा है।

उद्घाटन यात्रा पूरी होने के बाद ट्रेन शाम को सोनीपत से बिना यात्रियों के जींद लौटी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नियमित यात्री सेवा शुरू करने से पहले सभी तकनीकी परीक्षण और औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद तय समय-सारिणी के अनुसार आम यात्री भी इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *