स्कूल वैन पर टूटा मौत का कहर: ट्रेन की टक्कर से 4 मासूम छात्रों समेत 5 की मौत, गेटमैन गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण रेल हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। गोबिंदपुर रेलवे फाटक पर रेलवे ट्रैक पार कर रही एक स्कूल वैन को तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में चार स्कूली छात्रों और एक 65 वर्षीय साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि वैन चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:20 बजे नबद्वीप-बालुरघाट एक्सप्रेस के गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोला गया। इसी दौरान स्कूल वैन समेत तीन वाहन ट्रैक पार करने लगे। तभी ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद निमतिता-कटवा पैसेंजर ट्रेन तेज रफ्तार से पहुंची। दो वाहन तो सुरक्षित निकल गए, लेकिन स्कूल वैन और एक साइकिल सवार ट्रेन की चपेट में आ गए।

हादसे में कई मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल बच्चों और वैन चालक को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पूर्वी रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सिग्नल प्रणाली में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्यूटी पर तैनात रेलवे गेटमैन की लापरवाही बताई गई है। आरोपी गेटमैन अरूप कर्माकर को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

रेलवे ने घटना की जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 2.5-2.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन कर रेल यातायात कुछ समय के लिए बाधित कर दिया। लोगों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस हादसे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब बुलेट ट्रेन और हाई-स्पीड ट्रेनों की बात की जा रही है, तब बुनियादी सुरक्षा व्यवस्थाओं की अनदेखी क्यों हो रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस नेता कुनाल घोष ने भी केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यदि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी नशे में था, तो इसकी जवाबदेही रेलवे की बनती है। फिलहाल पुलिस और रेलवे संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *