अमेरिका में सिख समुदाय के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। चिराग वीर सिंह सराओ ने इतिहास रचते हुए यूएस एयर फोर्स अकादमी में प्रवेश पाने वाले पहले केशधारी सिख अमेरिकी बनने का गौरव हासिल किया है। अमेरिकन सिख काउंसिल के अनुसार, यह उपलब्धि धार्मिक पहचान और सैन्य सेवा के बीच संतुलन का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।
चिराग को 4 अप्रैल को अकादमी में नियुक्ति मिली थी। इसके बाद 20 जून को अमेरिकी वायु सेना ने उन्हें विशेष धार्मिक छूट (Religious Accommodation) प्रदान की, जिससे वे अपने केश और दाढ़ी सहित सिख धर्म की परंपराओं का पालन करते हुए प्रशिक्षण और सेवा कर सकेंगे।
24 जून को इन-प्रोसेसिंग डे (I-Day) के दौरान उन्होंने आधिकारिक तौर पर अकादमी में प्रवेश लिया। वर्तमान में वे छह सप्ताह के प्रारंभिक सैन्य प्रशिक्षण (बूट कैंप) से गुजर रहे हैं।
चिराग की उपलब्धियां केवल यहीं तक सीमित नहीं हैं। उन्हें एयर फोर्स ROTC और नेवल ROTC की ओर से पूर्ण छात्रवृत्ति भी मिली थी। साथ ही उनका चयन यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया (USC) और यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी हुआ था।
बेहतरीन शैक्षणिक प्रदर्शन के अलावा चिराग ईगल स्काउट, ताइक्वांडो में सेकेंड-डिग्री ब्लैक बेल्ट और वर्सिटी वॉटर पोलो खिलाड़ी भी रह चुके हैं। उनकी यह उपलब्धि दुनिया भर के सिख युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।