पटियाला: पंजाब के पटियाला में पुलिस ने हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 अवैध .32 बोर पिस्टल और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को डिलीवरी एजेंट बताकर हथियारों की सप्लाई करते थे। वे फ्लिपकार्ट और अन्य ई-कॉमर्स कंपनियों जैसी वर्दी पहनते थे और हथियारों को पार्सल बॉक्स में पैक कर ग्राहकों के घर तक पहुंचाते थे, जिससे किसी को उन पर शक न हो।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह मध्य प्रदेश से कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदकर पंजाब में सक्रिय गैंगस्टरों को ऊंचे दामों पर बेचता था। शुरुआती जांच में जेल में बंद गैंगस्टर सोनू खत्री से भी इनके संपर्क होने की बात सामने आई है। आशंका है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक वारदात में किया जाना था।
राजपुरा के बसंतपुरा इलाके में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें होशियारपुर के विशाल और जिंदर उर्फ सागर, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी सुभाष तथा जालंधर निवासी बादल शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे अब तक कितनी बार हथियारों की सप्लाई कर चुके हैं, उनके ग्राहक कौन थे और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।