गैंगस्टर, ड्रग्स और आतंक के खिलाफ बड़ा एक्शन प्लान, NIA के साथ 5 राज्यों ने बनाई साझा रणनीति

चंडीगढ़: गैंगस्टर नेटवर्क, सीमा पार से होने वाली ड्रग्स और हथियारों की तस्करी तथा आतंकवादी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के साथ पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस मुख्यालय में हाई लेवल बैठक की। करीब पांच घंटे चली इस बैठक में राज्यों के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त कार्रवाई को लेकर अहम फैसले लिए गए।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि संगठित अपराध अब एक राज्य तक सीमित नहीं है। गैंगस्टर नेटवर्क कई राज्यों में सक्रिय हैं और एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। ऐसे में सभी एजेंसियों के बीच रियल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग, डेटा एक्सचेंज और संयुक्त ऑपरेशन को और मजबूत किया जाएगा, ताकि अपराधियों पर तेजी से कार्रवाई हो सके।

अधिकारियों ने विदेशों में छिपे वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को तेज करने पर भी चर्चा की। इसके अलावा सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी को बड़ी सुरक्षा चुनौती बताते हुए इसे रोकने के लिए साझा रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों के मुताबिक पाकिस्तान से लगती सीमा होने के कारण पंजाब इस खतरे से सबसे ज्यादा प्रभावित है।

बैठक में सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को आतंकी संगठनों और गैंगस्टर गिरोहों से जोड़ने की साजिशों पर भी चिंता जताई गई। साथ ही हवाला, UPI और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए संचालित अवैध फंडिंग और रंगदारी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए संयुक्त कार्रवाई का रोडमैप तैयार किया गया।

अधिकारियों ने विश्वास जताया कि राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय, सूचना के तेज आदान-प्रदान और संयुक्त अभियान के जरिए गैंगस्टर, ड्रग्स तस्करी और आतंकवाद के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *