अमृतसर-पठानकोट हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर, खड़े ट्रक से भिड़ा रेत से भरा टिप्पर; चालक गंभीर घायल

अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बटाला के पास स्थित गांव गिल्लांवाली में तेज रफ्तार के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे पंक्चर होने के कारण एक ट्रक खड़ा था और उसका चालक टायर बदलने में व्यस्त था। इसी दौरान पठानकोट की तरफ से तेज गति से आ रहा रेत से लदा टिप्पर अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराया।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रक पलट गया, जबकि टिप्पर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद टिप्पर चालक केबिन के अंदर फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और सड़क सुरक्षा बल (एसएसएफ) को सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

एसएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच सकी।

वहीं, ट्रक मालिक ने बताया कि वह भी पठानकोट से रेत लेकर आया था और ट्रक का पंक्चर टायर बदल रहा था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार टिप्पर ने उसके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *