स्कूल पहुंचने से पहले लापता हुई 12 वर्षीय छात्रा, जालंधर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

जालंधर के रैणक बाजार इलाके में एक 12 वर्षीय छात्रा के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई है। लापता बच्ची की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है, जो पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और बच्ची की तलाश लगातार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, अली मोहल्ले से चार बच्चे रोज की तरह एक साथ स्कूल के लिए निकले थे। तीन बच्चे सुरक्षित स्कूल पहुंच गए, लेकिन सोनी कुमारी वहां नहीं पहुंची। जब परिजनों ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया तो पता चला कि बच्ची स्कूल के अंदर दाखिल ही नहीं हुई थी।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एएसआई राजकुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि बच्ची स्कूल के मुख्य गेट तक पहुंची थी, लेकिन किसी कारणवश वहां से वापस लौट गई। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और इलाके के लोगों, स्कूल स्टाफ व परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही बच्ची की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को भी लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही बच्ची का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, परिजनों ने प्रशासन से बच्ची को सुरक्षित खोजने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *