‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान को मिलेगी नई रफ्तार, जालंधर में DC और CP ने की समीक्षा बैठक

जालंधर : पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जालंधर के डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों ने नशा विरोधी अभियान की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस मुहिम की नियमित समीक्षा जरूरी है, ताकि हर स्तर पर इसकी निगरानी की जा सके और जरूरत पड़ने पर समय रहते आवश्यक सुधार किए जा सकें।

वरजीत वालिया ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य को नशा मुक्त बनाने के अपने संकल्प पर पूरी तरह कायम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए। साथ ही गांवों और शहरों में जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाए, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा सके।

बैठक में जिले में संचालित ओट क्लीनिकों, नशा मुक्ति केंद्रों और पुनर्वास केंद्रों के कामकाज की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को इन सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा जरूरतमंद लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि नशे से जुड़े अपराधों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन इस अभियान को पूरी सख्ती और गंभीरता के साथ आगे बढ़ा रहा है।

बैठक के दौरान नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे। इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी., अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस, दोआबा इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री, जिला इंचार्ज (शहरी) शैंकी भगत, जिला इंचार्ज (देहाती) अजय भील सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और हलका कोऑर्डिनेटर भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *