अमृतसर: आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए कहा कि राज्य विकास और जनकल्याण के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि, उद्योग, सड़क नेटवर्क और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पार्टी नेताओं जरनैल सिंह ढोट, सरबजोत सिंह और गुरप्रताप सिंह संधू के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को प्रगति और समृद्धि के नए मुकाम तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान गेहूं सीजन के दौरान किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं और जहां अभी तक पानी नहीं पहुंचा है, वहां भी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम जारी है।
धालीवाल ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी द्वारा जनता को दी गई प्रमुख गारंटियों को सरकार ने पूरी निष्ठा के साथ लागू किया है। उन्होंने बताया कि मुफ्त बिजली योजना का लाभ लगातार लाखों परिवारों को मिल रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्यभर में मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए गए हैं और लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा पंजाब के नागरिकों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर देने की पहल भी की गई है।
शिक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार किए गए हैं। स्कूलों में नए क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं, बेहतर शौचालय, पुस्तकें और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल मिल रहा है।
रोजगार के मुद्दे पर धालीवाल ने कहा कि सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ मेरिट के आधार पर लगभग 68 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने दावा किया कि यह भर्ती प्रक्रिया बिना किसी सिफारिश या भ्रष्टाचार के पूरी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में महिलाओं के हित में नई योजनाएं लागू की जाएंगी। धालीवाल ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और आर्थिक मजबूती के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए धालीवाल ने कहा कि पंजाब के विकास के लिए उनके पास कोई स्पष्ट नीति या कार्यक्रम नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं के आधार पर सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है और भविष्य में भी इसी दिशा में आगे बढ़ेगी।