जालंधर: जिला प्रशासन जालंधर द्वारा पंजाब राज्य आजीविका मिशन, पंजाब कौशल विकास मिशन और सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहयोग से ‘न्यू चाइल्ड एंड मदर केयर’ कोर्स का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली शिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से वित्तपोषित नए प्रशिक्षण बैच की भी शुरुआत की गई तथा नगर निगम जालंधर के सहयोग से शिक्षार्थियों को वेलकम किटें प्रदान की गईं।
जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक सादे लेकिन प्रभावशाली समारोह की अध्यक्षता अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) दिव्या पी. ने की। इस अवसर पर नगर निगम जालंधर के सहायक कमिश्नर राजेश खोखर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर दिव्या पी. ने प्रशिक्षण पूरा करने वाली शिक्षार्थियों को बधाई दी और कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित महिलाएं न केवल अपने लिए बेहतर रोजगार के अवसर पैदा कर सकती हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज की प्रगति में भी अहम योगदान दे सकती हैं।
उन्होंने सफल प्रशिक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए नए बैच की प्रतिभागियों को भी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्वामी प्रज्ञानंद जी एजुकेशनल सोसाइटी के चेयरमैन विपिन शर्मा, मैनेजिंग डायरेक्टर शिवम शर्मा, ब्लॉक मिशन मैनेजर सूरज कलेर और प्रिंसिपल पारस चड्ढा भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शिक्षार्थियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।