पंजाब के गांवों को देश में विकास का मॉडल बनाएंगे, सरपंच निभाएं अग्रणी भूमिका: भगवंत मान गांवों के विकास से ही बनेगा विकसित पंजाब, सरपंचों को मुख्यमंत्री का आह्वान

बठिंडा: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि यदि पंजाब को देश का सबसे विकसित राज्य बनाना है तो इसके लिए गांवों का सर्वांगीण विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने सरपंचों से ग्रामीण क्षेत्रों में बदलाव और विकास की अगुवाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य के गांवों को देश के सबसे विकसित गांवों में शामिल करना सरकार का लक्ष्य है। रामपुरा फूल और तलवंडी साबो के सरपंचों तथा पंचों के साथ आयोजित ‘सरपंच मिलनी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ग्रामीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि सरकारी फंडों का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को इसका लाभ मिल सके। साथ ही शिक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचे और सतत विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने किसानों से जुड़े मुद्दों और सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार किसानों को पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य की प्रगति और समृद्धि को नई गति देने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। कार्यक्रम की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए भगवंत मान ने बताया कि बैठक के दौरान पंजाब सरकार की उपलब्धियों, मेरिट के आधार पर दी जा रही नौकरियों और शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि उपस्थित सरपंचों और पंचों ने सरकार की इन पहलों की सराहना की। इसके अलावा ग्रामीण विकास और किसानों के लिए नहरी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के विषय पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरपंच का चुनाव सबसे चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि सरपंच सीधे तौर पर लोगों की समस्याओं और जरूरतों से जुड़ा होता है। उन्होंने कहा कि एक सक्षम और दूरदर्शी सरपंच अपने गांव की तस्वीर बदल सकता है तथा लोगों के जीवन स्तर में सुधार ला सकता है। सरपंच लोकतंत्र की बुनियाद हैं और पंचायत व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सरपंच मिलनी’ जैसी पहलें गांवों की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रभावी मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों के लिए पर्याप्त अनुदान उपलब्ध करा रही है, लेकिन इन संसाधनों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ उपयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले विकास फंडों के दुरुपयोग के कारण गांवों की प्रगति प्रभावित होती थी, लेकिन अब बड़ी मात्रा में अनुदान सीधे गांवों तक पहुंच रहा है और जल्द ही पंजाब के गांवों में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।

भगवंत मान ने विश्वास व्यक्त किया कि पंचायतों और सरकार के संयुक्त प्रयासों से पंजाब के गांव विकास, समृद्धि और बेहतर जीवन स्तर के नए आयाम स्थापित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *