चंडीगढ़ : बारिश के मौसम में होने वाले हादसों को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार ने राज्यभर के शहरों को ‘ओपन मैनहोल-फ्री’ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने 30 जून 2026 तक सभी खुले मैनहोल बंद करने का लक्ष्य तय करते हुए नगर निगम कमिश्नरों और अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नरों (शहरी विकास) को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और अनुपालन रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत चल रही ‘जीरो ओपन मैनहोल’ मुहिम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य स्तर पर कराए गए सुरक्षा ऑडिट के दौरान मानसून से पहले सीवरेज नेटवर्क में 1451 खुले मैनहोल चिन्हित किए गए थे, जिनमें से एक हजार से अधिक को अब तक सुरक्षित किया जा चुका है।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि शेष खुले मैनहोलों को भी जल्द से जल्द बंद किया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान जलभराव के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने खुले मैनहोलों को लोगों के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के मामले में सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति रहेगी और किसी भी स्तर पर कोताही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।