आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने दावा किया है कि भगवंत मान सरकार ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान जनता से किए गए सभी वादों और गारंटियों को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की आखिरी गारंटी ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ को लागू करने की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं और मुख्यमंत्री भगवंत मान के ऐलान के मुताबिक 1 जुलाई से इस योजना का लाभ महिलाओं को मिलना शुरू हो जाएगा।
बलतेज पन्नू ने बताया कि योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीनों की राशि एकमुश्त भेजी जाएगी। इसके तहत प्रत्येक लाभार्थी महिला के खाते में 3,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे, जबकि अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से संबंधित महिलाओं को 4,500 रुपये प्रति लाभार्थी के हिसाब से राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से यह प्रक्रिया प्रभावी ढंग से शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार ने चुनावों से पहले दी गई सभी गारंटियों को पूरा करने के साथ-साथ कई ऐसे जनकल्याणकारी कार्य और योजनाएं भी लागू की हैं, जिनका उल्लेख चुनावी घोषणापत्र में नहीं था। पन्नू के अनुसार पंजाब के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरी तरह लागू किया है। उन्होंने कहा कि मान सरकार केवल वादे करने में नहीं, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने में विश्वास रखती है।