पंजाब के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, PSPCL में 2,437 सहायक लाइनमैन पदों पर भर्ती को मंजूरी

चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में अहम फैसला लेते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में 2,437 अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं को सहायक लाइनमैन (एएलएम) के पदों पर नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पीएसपीसीएल के निदेशक मंडल ने एडवोकेट जनरल की कानूनी राय के आधार पर भर्ती प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी है। उन्होंने बताया कि चयनित होने वाले सभी प्रशिक्षु वर्तमान में पीएसपीसीएल और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसटीसीएल) में लाइनमैन ट्रेड के तहत अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। लंबे समय से नियुक्ति की मांग कर रहे इन प्रशिक्षुओं के लिए सरकार के इस फैसले को बड़ी राहत माना जा रहा है।

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार मिशन मोड में भर्ती प्रक्रियाओं को आगे बढ़ा रही है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। वित्त मंत्री के अनुसार, इन अभ्यर्थियों के लिए पीएसपीसीएल विशेष छूट के तहत पंजाबी भाषा की अनिवार्य परीक्षा आयोजित करेगा। परीक्षा की तिथि और अन्य जरूरी जानकारी निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अप्रैल 2022 से अब तक पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल में कुल 9,627 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इनमें 8,048 उम्मीदवारों को नियमित भर्ती के माध्यम से तथा 1,579 लोगों को तरस के आधार पर नौकरी दी गई है। इसके अलावा, लगभग 3,000 अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जिसके नवंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है। हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का मानना है कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देकर उनकी प्रतिभा और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाया जा सकता है। राज्य सरकार युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादों को लगातार पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान बिजली विभाग के प्रशासनिक सचिव एवं पीएसपीसीएल के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. बसंत गर्ग भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *