चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से जुड़ी कथित फर्जी वीडियो के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने शनिवार को पंजाब के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन आयोजित किए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल झूठी और भ्रामक सामग्री के जरिए मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने तथा राज्य के सामाजिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।

मोहाली, फरीदकोट, मानसा, बरनाला, कपूरथला, मोगा और बादल सहित कई स्थानों पर आयोजित प्रदर्शनों में पार्टी के मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने कहा कि राजनीतिक हितों के लिए लोगों को गुमराह करने और धार्मिक भावनाओं का सहारा लेने की कोशिश की जा रही है।

मोहाली में मीडिया से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे विपक्षी दल असहज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक और मनगढ़ंत सामग्री प्रसारित की जा रही है।

चीमा ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान राज्य सरकार ने लगभग 44 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं। इसके साथ ही गांवों में खेल सुविधाओं के विस्तार, सड़क निर्माण, सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब में शांति, भाईचारे और विकास की राजनीति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य के सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि पंजाब की जनता सच और झूठ में अंतर करना जानती है और किसी भी तरह के दुष्प्रचार से गुमराह नहीं होगी।