पंजाब पुलिस ने रंगदारी वसूली और फायरिंग की वारदातों में शामिल एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पंजाब पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे कुछ हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। ये जालंधर और नवांशहर में हुई कई फायरिंग की घटनाओं की साजिश रचने और उन्हें अंजाम देने में शामिल थे। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पिछले सप्ताह आरोपियों ने संतोखपुरा स्थित बीएनएस फैशन्स शोरूम पर गोलियां चलाई थीं। वारदात के बाद शोरूम मालिक लक्ष्य वर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। इस संबंध में जालंधर के भार्गो कैंप थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क से जुड़े आगे-पीछे के लिंक खंगालने में जुटी है, ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।