पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फगवाड़ा में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में बारी-बारी से सत्ता संभालने की राजनीति का दौर समाप्त हो चुका है और राज्य के हितों से समझौता करने वालों को अपने कर्मों का हिसाब देना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी का ‘झाड़ू’ पंजाब की राजनीति में बदलाव ला रहा है। उन्होंने अकाली दल और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू करार देते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों ने हमेशा जनता के हितों से ऊपर अपने राजनीतिक स्वार्थों को रखा।
उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के सामने झूठ बोलने वाले किसी के प्रति वफादार नहीं हो सकते। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी अंदरूनी कलह से जूझ रही है और आपसी खींचतान के कारण उसका जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है।

मुख्यमंत्री मान ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों के चलते पंजाब शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 67 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी सिफारिश और भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। इसके अलावा करीब एक हजार आम आदमी क्लीनिक लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, जबकि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइन और खालों का निर्माण किया गया है। वहीं 19 टोल प्लाजा बंद होने से लोगों को प्रतिदिन लाखों रुपये की बचत हो रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जबकि ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के जरिए प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 18 करोड़ रुपये से अधिक की ग्रांट देने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक मिलनी कार्यक्रम का उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर विकास कार्यों को गति देना है।