15 करोड़ भारतीयों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता की जरूरत, पंजाब में मुफ्त इलाज उपलब्ध – डॉ. बलबीर सिंह

पंजाब में ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत कैशलेस स्वास्थ्य कवरेज की सुविधा के चलते मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी बीमारियों का इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य इलाज की आर्थिक बाधाओं को कम कर लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत सिज़ोफ्रेनिया, डिप्रेशन, बाइपोलर डिसऑर्डर, एंग्जाइटी, तनाव संबंधी समस्याएं और नशे से जुड़ी मानसिक बीमारियों का इलाज शामिल है। सरकारी अस्पतालों में ईसीटी (Electroconvulsive Therapy), टीएमएस (Transcranial Magnetic Stimulation) जैसी आधुनिक सुविधाएं और अन्य आवश्यक जांचें भी इस पैकेज में शामिल हैं।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य जितनी ही प्राथमिकता मिलनी चाहिए और शुरुआती लक्षण दिखने पर तुरंत विशेषज्ञ से परामर्श लेना जरूरी है। उन्होंने लोगों से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में समय पर इलाज कराने की अपील की।

आंकड़ों के अनुसार, अब तक 457 लाभार्थी इस योजना के तहत मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले चुके हैं और लगभग 55 लाख रुपये के दावों का निपटारा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *