पंजाब सरकार ने अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं को बैंकिंग और बीमा क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रोबेशनरी ऑफिसर (बैंक) तथा असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर (LIC/GIC) परीक्षा-2026 हेतु निःशुल्क कोचिंग योजना शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का समान अवसर देना है।
सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि यह कोचिंग अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ करियर्स एंड कोर्सेज, मोहाली में दी जाएगी। इसका लाभ केवल पंजाब के निवासी, स्नातक और जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख रुपये से कम है, उन्हें मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी योग्य युवा आर्थिक बाधाओं के कारण अवसरों से वंचित न रहे। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा के आधार पर होगी, जिसमें इंग्लिश, रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और करेंट अफेयर्स शामिल होंगे। यह परीक्षा 3 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं या ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए www.welfare.punjab.gov.in पर विजिट किया जा सकता है।