मोहाली: पंजाब नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को मोहाली में एक बड़ा रोड शो निकाला। इस दौरान हजारों समर्थक शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने इस जीत के लिए पंजाब की जनता का धन्यवाद किया।
उन्होंने शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों के समय पंजाब कई समस्याओं से जूझ रहा था। केजरीवाल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कड़ी मेहनत कर राज्य को उस दौर से बाहर निकालकर फिर से विकास और तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाया है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि मान सरकार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपना समर्थन जारी रखें। केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि पंजाब के इतिहास में किसी भी सरकार को साढ़े चार साल बाद इतना जनसमर्थन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जहां पिछली सरकारों को अपने कार्यकाल के अंत में लोगों के विरोध का सामना करना पड़ता था, वहीं आम आदमी पार्टी सरकार को लगातार जनता का प्यार और भरोसा मिल रहा है।