मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना के तहत 1 जुलाई से महिलाओं को मिलेगी मासिक मदद

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जंडियाला गुरु स्थित इंद्र फार्म में ‘महिला सत्कार सखियों’ के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान सखियों को योजना के दिशा-निर्देशों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभार्थियों के पंजीकरण संबंधी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से यह योजना शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत लाभार्थियों को वित्तीय सहायता 1 जुलाई 2026 से मिलनी शुरू हो जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योजना को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए सरकार ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने ‘महिला सत्कार सखी’ के रूप में सेवा देने की इच्छा जताई है, जिसके चलते उन्हें योजना के विभिन्न पहलुओं से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *