‘एक शाम शिव के नाम’ में उमड़ी आस्था, केजरीवाल और भगवंत मान ने हजारों श्रद्धालुओं के साथ की सहभागिता

 

भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर जालंधर के साईं दास स्कूल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह और आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘एक शाम शिव के नाम’ में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हजारों श्रद्धालुओं के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए और प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी ने भगवान शिव और भगवान परशुराम जी को समर्पित भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कई संत-महात्माओं ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

सभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जालंधर की पवित्र धरती पर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी शस्त्र और शास्त्र के समन्वय के प्रतीक थे और उनका संदेश पूरी मानवता के लिए है।

उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार राज्य में शांति, सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व कौशल प्रदान करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का नाम ‘एक शाम शिव के नाम’ हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से रखा गया है और इसमें पंजाब भर से करीब 25 महामंडलेश्वर संत शामिल हुए।

केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने पहली बार वर्ष 2025 में राज्य स्तर पर भगवान परशुराम जयंती मनाई थी। वहीं, अप्रैल 2026 में पठानकोट में पहली बार राज्य स्तरीय हिंदू नववर्ष समारोह आयोजित किया गया और अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम के लंबित विकास कार्यों को 25 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरा किया गया।

उन्होंने कहा कि ‘एक शाम शिव के नाम’ समाज में सकारात्मकता और आध्यात्मिकता का संदेश देने के लिए समर्पित है और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति इस आयोजन की सफलता का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *