महाराष्ट्र में बारिश का कहर: पातालगंगा नदी में बहे हजारों LPG सिलेंडर, लोगों के लिए जारी हुई चेतावनी

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। पनवेल तालुका के चावणे गांव स्थित HPCL के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में जलभराव के कारण करीब 3,000 एलपीजी गैस सिलेंडर तेज बहाव में बहकर पातालगंगा नदी में पहुंच गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश से प्लांट परिसर में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया, जिससे बड़ी संख्या में रखे सिलेंडर बहाव की चपेट में आ गए। इनमें कुछ सिलेंडर भरे हुए हैं, जबकि कई खाली बताए जा रहे हैं। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां बहकर गए सिलेंडरों की तलाश और उन्हें सुरक्षित निकालने के अभियान में जुटी हुई हैं।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नदी की तेज धार के साथ बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बहते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि नदी, खेत या किसी अन्य स्थान पर कोई एलपीजी सिलेंडर दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और न ही उसे उठाने या इस्तेमाल करने की कोशिश करें। इसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि अभी सभी सिलेंडरों की स्थिति स्पष्ट नहीं है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *