मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, SIR-2026 को लेकर लुधियाना में अधिकारियों संग हुई समीक्षा बैठक

लुधियाना:
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने लुधियाना में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करने और उन्हें वापस प्राप्त करने की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता भारत निर्वाचन आयोग के उप चुनाव आयुक्त भानु प्रकाश येतुरू (आईएएस) ने की। इस दौरान पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा (आईएएस) सहित लुधियाना, एस.बी.एस. नगर, फरीदकोट, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और मलेरकोटला के डिप्टी कमिश्नर-सह-जिला चुनाव अधिकारियों ने भाग लिया।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने फॉर्म वितरण, संग्रहण और अभियान की तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही सभी जिलों में प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा के भीतर सुचारु और पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में अभियान की प्रगति की निगरानी और आवश्यक समन्वय बनाए रखने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *