जालंधर: स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब पुलिस ने आतंकी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कथित BKI मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसबीएस नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 86-पी हैंड ग्रेनेड बरामद होने का दावा किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मॉड्यूल के संपर्क विदेश में मौजूद एक कथित हैंडलर से होने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी तक ग्रेनेड कैसे पहुंचा और इसे किस मकसद से इस्तेमाल किया जाना था।
विदेश से संचालित नेटवर्क की जांच
डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया के जरिए कार्रवाई की जानकारी साझा की। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों और स्थानीय सहयोगियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
जांच में आदमपुर के पास DLB से ग्रेनेड हासिल किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस मामले में हथियार की सप्लाई और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश
आरोपी के खिलाफ BNS और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। FIR थाना सदर नवांशहर, एसबीएस नगर में दर्ज की गई है।
फिलहाल पुलिस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों और कथित विदेशी हैंडलरों की भूमिका की जांच कर रही है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है।