जालंधर में दुकान के बाहर सामान रखने पर बवाल, वाइस चेयरमैन और दुकानदार में हुई तीखी बहस

जालंधर: अवतार नगर इलाके में दुकान के बाहर रखा सामान हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पंजाब गोशाला कमीशन के वाइस चेयरमैन कीमती लाल भगत और एक दुकानदार के बीच हुई कहासुनी के बाद मामला काफी बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि कीमती लाल भगत अपनी कार से गली से गुजर रहे थे। दुकान के बाहर सामान रखा होने के कारण कार निकालने में परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर उन्होंने सामान हटाने के लिए कहा, जिसके बाद दुकानदार और उनके बीच बहस शुरू हो गई।

मौके पर मौजूद गनमैन ने भी दुकानदार से रास्ता खाली करने को कहा। विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि कीमती लाल भगत ने दुकान के बाहर रखी कोल्ड ड्रिंक की पेटियां और अन्य सामान उठाकर सड़क पर रख दिया।

सड़क पर सामान और बोतलें फैलने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर सामान हटाया और रास्ता साफ करवाया। घटना के दौरान वहां लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

फिलहाल मामले में दोनों पक्षों का पूरा पक्ष सामने नहीं आया है। विवाद को लेकर पुलिस कार्रवाई या शिकायत संबंधी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *