चंबा में दर्दनाक हादसा: बस पलटी, 7 की मौत और कई घायल

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी बस अचानक पलट गई। दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। चालुज मोड़ के नजदीक अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार थे।

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में जान गंवाने वालों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बस चालक और परिचालक की भी हादसे में मौत हुई है।

घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं।

हादसे की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों की ओर से दुर्घटना के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *