मोगा: पंजाब के मोगा में पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के दौरान पुलिस ने एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और मैगजीन सहित 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल बरामद की है। पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस साजिश का कथित मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि ढालीवाल है, जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है। आरोप है कि वह विदेश से पूरे मॉड्यूल को निर्देश दे रहा था। पुलिस के अनुसार, उसके इशारे पर आरोपियों ने पहले मोगा के थाना सदर पर ग्रेनेड हमला किया था और बाद में फिरोजपुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में IED लगाकर विस्फोट करने की योजना बनाई थी।

मामले में थाना सदर मोगा में भारतीय न्याय संहिता (BNS), गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, एक्सप्लोसिव एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच का फोकस पूरे नेटवर्क, इसके विदेशी संपर्कों और इस साजिश में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान पर है। पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में आतंकवादी नेटवर्क और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *