जालंधर की 120 फुटी रोड पर धंसी सड़क से बढ़ी परेशानी, बीच सड़क बना गहरा गड्ढा बना खतरे की घंटी

जालंधर: शहर की 120 फुटी रोड पर थाना बस्ती बावा खेल के नजदीक सड़क धंसने से बना गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। बारिश के बाद गड्ढे में पानी भर जाने से इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को हर समय हादसे का डर सताता रहता है।

जानकारी के अनुसार, इलाके में कुछ समय पहले पेयजल पाइपलाइन में लीकेज की शिकायत सामने आई थी। मरम्मत के बावजूद रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हो सका। लगातार पानी रिसने से सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर होती गई और आखिरकार सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे बीच सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय और बरसात के दौरान यह गड्ढा दिखाई नहीं देता। ऐसे में खासकर दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना की चपेट में आ सकते हैं। वहीं, पाइपलाइन से लगातार हो रहा पानी का रिसाव भी पेयजल की बर्बादी का कारण बना हुआ है।

निवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि केवल गड्ढा भरने के बजाय सड़क और पाइपलाइन दोनों की स्थायी मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *